संत बालीनाथ महाराज के नाम से दिया जाएगा पांच लाख रुपए का पुरस्कार

  
Last Updated:  December 26, 2021 " 03:45 pm"

इंदौर : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बैरवा समाज के आराध्य संत बालीनाथ महाराज का समाज सुधार, शिक्षा के प्रसार और कुरीतियों को दूर करने में अहम योगदान रहा है। संत श्री बालीनाथ महाराज के व्यक्तित्व और कृतित्व को देखते हुए उनके नाम पर राज्य शासन द्वारा पाँच लाख रूपए का पुरस्कार घोषित किया जाएगा। साथ ही उनकी जन्म तथा निर्वाण स्थली राजस्थान के दौसा जिले के ग्राम मंडावरी को मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा योजना से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान इंदौर में संत श्री बालीनाथ महाराज की प्रतिमा अनावरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर इंदौर के मालवा मिल चौराहा संत श्री बालीनाथ महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, महेन्द्र हार्डिया, आकाश विजयवर्गीय, मालिनी गौड़, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, प्रतिमा निर्माण समिति के गंगाधर जारवाल विशेष रूप से मौजूद थे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बैरवा समाज के बंधुओं ने परिश्रम की कमाई में से आर्थिक सहयोग देकर इस प्रतिमा के निर्माण में मदद की है। यह प्रतिमा हमें हमेशा नेक कार्यों की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि संत श्री बालीनाथ महाराज अद्भुत संत थे। उनका जन्म राजस्थान के मंडावरी में हुआ था। बचपन से ही उनकी धर्म और आध्यात्म के प्रति रूचि थी। वे भगवान शंकर के उपासक थे। बचपन में ही उन्होंने गुरु दीक्षा ग्रहण की। नाथ संप्रदाय से उनका जुड़ाव रहा है। उन्होंने जीवन भर भ्रमण कर संकीर्णता तथा कुरीतियों को दूर करने और शिक्षा के प्रसार का कार्य किया है। उन्होंने महिला उत्पीड़न की रोकथाम की दिशा में भी कार्य किया है। उनके कार्यों से पूरा प्रदेश और देश गौरवान्वित है। उनकी प्रतिमा हमें धर्म और आध्यात्म तथा सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि बैरवा समाज के स्कूल संचालन में मदद दी जाएगी। साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि संत श्री बालीनाथ महाराज के नाम से प्रतिवर्ष पाँच लाख रूपए का पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार शिक्षा के प्रसार, महिलाओं के उत्पीड़न को रोकने तथा कुरीतियों को दूर करने के क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्था को दिया जाएगा।
कार्यक्रम को विधायक महेन्द्र हार्डिया ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतिमा के निर्माण से बैरवा समाज की वर्षों पुरानी माँग पूरी हुई है। इंदौर एकमात्र ऐसा शहर है, जहां पर संत श्री बालीनाथ जी महाराज की प्रतिमा और उनके नाम पर भव्य द्वार भी है। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रतिमा निर्माण समिति के श्री गंगाधर जारवाल ने स्वागत भाषण दिया। बड़ी संख्या में बैरवा समाज के लोग इस दौरान मौजूद रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *