25 फरवरी से पूर्व हो शक्ति केंद्रों का गठन – सबनानी

  
Last Updated:  January 31, 2023 " 10:49 pm"

भारतीय जनता पार्टी नगर कार्यसमिति बैठक संपन।

बूथ स्तर तक पार्टी को और मजबूत करके अबकी बार 200 पार नारे को सार्थक करना है – गौरव रणदिवे।

इंदौर : सोमवार को गुरु अमरदास हॉल में भारतीय जनता पार्टी नगर कार्यसमिति की बैठक आहूत की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं को पंजीयन के बाद ही प्रवेश दिया गया। सोशल मीडिया संयोजक हर्षवर्धन बर्वे ने बताया कि पंजीयन पूर्ण रूप से डिजिटल था। सभी कार्यकर्ताओं की प्रवेशिका पर बारकोड अंकित था जिसे स्कैन करके उन्हें बैठक कक्ष में प्रवेश दिया गया। अतिथियों द्वारा महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया गया। इस दिवंगत कार्यकर्ताओं के प्रति शोक व्यक्त करते हुए 2 मिनट का मौन रखा गया।

25 फरवरी तक करें शक्ति केंद्रों का गठन।

बैठक में संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने संगठनात्मक विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि 25 फरवरी के पूर्व हमें शक्ति केंद्रों का गठन करना है ताकि बूथ स्तर तक पार्टी और सशक्त हो। एक शक्ति केंद्र के अंतर्गत 5 से 6 बूथ सम्मिलित होंगे। एक शक्ति केंद्र में पांच कार्यकर्ताओं की टोली का गठन किया जाना है। मंडल पदाधिकारियों में से एक पदाधिकारी शक्ति केंद्र के प्रभारी होंगे।

अबकी बार 200 पार।

भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ता नगर में भाजपा का चेहरा है जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान हम सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर करना है। रणदिवे ने आगे कहा कि पार्टी को पोलिंग बूथ तक और सशक्त कर हमें अब की बार 200 पार एवं 200 दिन 200 पार के नारे को सार्थक करके दिखाना है।

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जी-20 विषय पर संबोधित करते हुए बताया कि जी-20 दुनिया के ऐसे 20 बड़े देशों का समूह है जो दुनिया के 80% संसाधनों का उपयोग करते हैं। पहले यह सिर्फ 5 देशों का समूह जी-5 हुआ करता था लेकिन आर्थिक मंदी के बाद 2007 में जी-20 का गठन किया गया और वित्तीय संस्थानों से निकालकर राष्ट्राध्यक्षों को इसका प्रमुख बनाया गया, जिसका उद्देश्य विश्व में आर्थिक रूप से स्थिरता लाना एवं अंतर्राष्ट्रीय व्यापार व्यवसाय को बढ़ावा देने के साथ ही आर्थिक सुरक्षा स्थापित करना है। हमारे लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पांचवी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है और भारत को जी-20 की अध्यक्षता करने का अवसर प्राप्त हुआ है।इसके तहत देश के 50 शहरों में 200 बैठकें होंगी, जिसके माध्यम से विदेशों में अध्यात्म और विश्व बंधुत्व का संदेश जाएगा।

आई डी ए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने प्रवासी भारतीय एवं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट विषय पर उद्बोधन देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के पश्चात हम सभी का सीना 56 इंच का हुआ है। इस हेतु हम प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व का सहृदय धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने यह अक्सर इंदौर को दिया। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश को नेतृत्व देने वाली पार्टी बनी है। इंदौर वासियों ने साबित किया है कि हम जो ठान लेते हैं वह कर के रहते हैं।

एमआईसी सदस्य निरंजन सिंह चौहान ने आजीवन सहयोग निधि तथा अन्य आर्थिक विषयों पर बैठक को संबोधित किया ।

उसके बाद विधायक आकाश विजयवर्गीय ने आगामी केंद्र व राज्य सरकार बजट पर अपने उद्बोधन में कहा कि हमें गर्व है कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है जिसके हम कार्यकर्ता हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन के साथ देश आगे बढ़ रहा है। जो भी टैक्स सरकार जनता से लेती है, उसे जनता देश के विकास के लिए उपयोग करती है। इससे विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जाती हैं। सभी कार्यकर्ताओं को बजट को समझकर आम जनता को भी उसे अच्छे से समझाने का कार्य करना चाहिए।

इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने विकास यात्रा जो 5 फरवरी से 25 फरवरी तक आयोजित की जाने वाली है के बारे में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा विधानसभा एवं वार्ड स्तर पर इस यात्रा को लेकर प्रभारी बनाए जाएंगे। यात्रा के दौरान भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों से जनता को अवगत करवाना एवं यात्रा में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों सम्मिलित करना है।

अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर ने अनुसूचित जाति कार्य विस्तार की योजनाएं एवं क्रियान्वयन विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को लेकर पंचतीर्थ बनाए गए हैं। बाबासाहेब आंबेडकर की जन्म स्थली का निर्माण महू में किया गया है। बाबासाहेब के सिद्धांतों पर चलने का कार्य भारतीय जनता पार्टी करती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अनेक योजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जाति को लाभ दिलाने का कार्य किया है। अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को विदेशों में शिक्षा दिलाने का कार्य भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किया गया है।

नगर प्रभारी तेज बहादुर सिंह चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ कार्य विस्तार योजना बूथ विस्तार योजना का दूसरा भाग है। शक्ति केंद्रों पर 5 सदस्यों की टोली बनानी है, जिसमें संयोजक सहसंयोजक, सोशल मीडिया संयोजक, सहसंयोजक एवं एक हितग्राही सम्मिलित होंगें ।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णमुरारी मोघे, बाबूसिंह रघुवंशी, विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, गोपीकृष्ण नेमा,मधु वर्मा,प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा, दिव्या गुप्ता,प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दीपक जैन,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिनारायण यादव, मुद्रा शास्त्री, प्रमोद टंडन,नगर महामंत्री सुधीर कोल्हे,संदीप दुबे,सविता अखंड सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *