इंदौर : श्री गुरु नानक देवजी के 550 वे प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सिख समाज ने रविवार को विशाल नगर कीर्तन निकाला। समाज के हजारों महिला- पुरुषों ने आस्था और उल्लास के साथ नगर कीर्तन में शिरकत की। जगह- जगह लगाए गए मंचों से नगर कीर्तन का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
नगर कीर्तन की शुरुआत पीवाय रोड स्थित इमली साहब गुरुद्वारा से हुई। शहर और आसपास के इलाकों से सिख समाज के लोग परिवार सहित नगर कीर्तन में भाग लेने पहुंचे थे। विभिन्न गुरुद्वारों से आए रागी जत्थे जुलूस में शबद गाते हुए चल रहे थे। महिला व पुरुषों के अलग- अलग जत्थे भी गुरुवाणी का गायन करते हुए माहौल को भक्तिमय बना रहे थे। श्री गुरुग्रंथ साहिब को एक सुसज्जित वाहन में विराजित किया गया था। सैकड़ों श्रद्धालु महिलाएं व पुरुष हाथों में झाड़ू लिए सड़क साफ करते चल रहे थे। टेंकर से पानी का छिड़काव करने करने के बाद फूलों की पंखुड़ियां गुरुग्रंथ साहिब के वाहन के आगे बिखेरी जा रही थी। पंज प्यारे परंपरागत वेशभूषा में आगे चल रहे थे। गुरु नानक देवजी का संदेश झांकियों के जरिये जनमानस तक पहुंचाया जा रहा था। मार्ग में जगह- जगह मंच लगाकर नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। बीजेपी, विश्व हिन्दू परिषद और अन्य सामाजिक संगठनों ने भी मंचों से पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए जगह- जगह चाय- नाश्ते का प्रबंध भी किया गया था। दोपहर 12 बजे शुरू हुआ नगर कीर्तन राजवाड़ा, एमजी रोड, रीगल तिराहा, आरएनटी मार्ग, मधुमिलन चौराहा, छोटी ग्वालटोली, पटेल ब्रिज, जवाहर मार्ग, रानीपुरा, नंदलालपुरा होते हुए शाम 6 बजे पुनः गुरुद्वारा इमली साहब पहुंचकर समाप्त हुआ।
गुरुनानक देवजी के 550 वे प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सिख समाज ने निकाला विशाल नगर कीर्तन
Last Updated: November 17, 2019 " 01:34 pm"
Facebook Comments