उज्जैन : 12 ज्योतिर्लिंग में से एक उज्जैन स्थित बाबा महाकाल बुधवार से दूल्हा बन गए हैं। मंत्रोच्चार के साथ पुजारियों ने सुबह हल्दी उबटन लगाकर राजा महाकालेश्वर का आकर्षक श्रृंगार किया…। इसे देखने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई बाबा महाकाल की एक झलक पाने को आतुर दिखाई दिया। भक्त, हल्दी कुमकुम और उबटन से सजे बाबा महाकाल के दर्शन कर अभिभूत हो गए…।
दरअसल,बुधवार से शिव के नवरात्र प्रारंभ हो गए हैं। शिव नवरात्रि की परंपरा सिर्फ उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में ही है। महाकाल राजा को नौ दिनों तक रोज अलग-अलग वेशभूषा में दूल्हा बनाया जाता है।
भगवान श्री महाकालेश्वर एवं कोटेश्वर महादेव का अभिषेक–पूजन भी किया जाता है…। शिव नवरात्रि के पहले दिन सुबह 8 बजे से कोटेश्वर महादेव पर शिवपंचमी का पूजन किया गया। इसके बाद सुबह 9.30 बजे मंदिर के गर्भगृह में भगवान महाकाल की पूजा अर्चना के बाद 11 ब्राह्मणों द्वारा एकादश-एकादशनी रूद्राभिषेक किया गया। भगवान महाकाल का हल्दी,चंदन, केसर मिश्रित पंचामृत से अभिषेक भी किया गया। नौ दिनों तक ये सिलसिला चलता रहेगा।
महाकाल मंदिर में शिव नवरात्रि का आगाज, दूल्हा बने बाबा महाकाल
Last Updated: March 4, 2021 " 04:40 am"
Facebook Comments