कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना की लॉन्च

  
Last Updated:  May 10, 2023 " 02:14 pm"

महिलाओं को 1500 रुपए महीना सम्मान निधि और 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएगी कांग्रेस।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव, महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा और प्रदेश के सह प्रभारी, कुलदीप इंदौरा ने की संयुक्त पत्रकार वार्ता।

15 महीने की कमलनाथ सरकार में महिलाओं के लिए सबसे अधिक योजनाएं लागू की गई थी।

कांग्रेस का दावा, कमलनाथ सरकार में महिला अत्याचारों में आई सर्वाधिक कमी।

इंदौर : बीजेपी की लाडली बहना योजना के जवाब में कांग्रेस नारी सम्मान योजना लेकर आई है। मंगलवार को छिंदवाड़ा के परासिया में कमलनाथ ने नारी सम्मान योजना का शुभारंभ किया।

इंदौर में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने पत्रकार वार्ता के जरिए इस योजना के बारे में जानकारी दी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही नारी सम्मान योजना के तहत महिलाओं को 1500 रू. प्रतिमाह आर्थिक सहायता और 500 रू.में रसोई गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराया जाएगा। इस तरह से एक तरफ कांग्रेस सरकार महिलाओं को सालाना 18000 रू. देगी तो दूसरी तरफ मौजूदा कीमतों पर हर सिलेण्डर पर महिलाओं को 600 रू. से अधिक की बचत होगी। यानी सालाना लगभग 25 हजार रूपये की बचत होगी।

अरुण यादव ने बताया कि लॉन्चिंग के बाद से ही पूरे प्रदेश में नारी सम्मान योजना के फार्म भरना शुरू हो गए हैं। इस कार्य में कांग्रेस पार्टी के बूथ पदाधिकारी, मंडलम और सेक्टर के पदाधिकारी, ब्लाक और विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी शामिल हैं।

फार्म भरवाने का काम घर-घर जाकर कराया जा रहा है। कांग्रेस के कार्यकर्ता इस फार्म को भरवाएंगे और उसकी पावती रसीद पार्टी कार्यालय में जमा कराई जाएगी। इस फार्म में महिलाओं को सामान्य जानकारी जैसे स्वयं का नाम, आधार कार्ड, बूथ संख्या, विधानसभा क्रमांक जैसी जानकारियां भरना होंगी। कमलनाथ स्पष्ट कर चुके हैं कि यह फार्म उनका कथन नहीं वचन है।

अरुण यादव ने कहा कि 2018 में जब कमलनाथ की सरकार बनी थी तो कन्याओं के विवाह में दी जाने वाली आर्थिक सहायता को बढ़ाकर 51 हजार रू. किया गया था, वृद्ध महिलाओं को दी जाने वाली पेंशन बढ़ा दी गई थी, विधवा महिलाओं की पेंशन बढ़ा दी गई थी, मेधावी छात्राओं के लिए निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था की गई थी। कमलनाथ ने इंदिरा गृह ज्योति योजना के तहत 100 रू.में 100 यूनिट बिजली उपलब्ध करायी थी। इस योजना को प्रदेश की महिला विरोधी शिवराज सिंह चौहान सरकार ने समाप्त कर दिया। आज स्थिति यह है कि लोगों के हजारों रू. के बिजली बिल आ रहे हैं।

पत्रकार वार्ता में शोभा ओझा, कुलदीप इंदौरा के साथ इंदौर के संगठन प्रभारी महेन्द्र जोशी, पूर्व सांसद प्रेमचन्द गुड्डू, विधायक द्वय संजय शुक्ला और विशाल पटेल, सह प्रभारी द्वय चंद्रशेखर शर्मा और महेन्द्र परमार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, इंदौर नगर पालिक निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे और प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष, प्रदेश प्रवक्ता संतोष सिंह गौतम भी मौजूद थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *